गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में जिस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन करने पहुंचे थे, वहां ताकत का इस्तेमाल एक-दूसरे पर हमला करने के लिए होने लगा। दरअसल मुरादनगर में यूपी पावरलिफ्टिंग-बेंच प्रेस चैंपियनशिप के दौरान ऐसा बवाल हुआ कि खेल का मैदान अखाड़े में तब्दील हो गया। खिलाड़ियों के बीच जमकर लात-घूसे चले, पत्थरबाजी हुई और एक राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी से अभद्रता करने का भी आरोप लगा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दो दिवसीय यूपी पावरलिफ्टिंग-बेंच प्रेस चैंपियनशिप का आयोजन
घटना दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मिलक दुहाई के एचएलएम कॉलेज की हैं, जहां दो दिवसीय यूपी पावरलिफ्टिंग-बेंच प्रेस चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 600 खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचे हैं। लेकिन शनिवार शाम कमरे में जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि मुजफ्फरनगर से आए कुछ खिलाड़ियों का आयोजन समिति की सदस्य और राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टर मनीषा शर्मा से विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। महिला खिलाड़ी के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप है। वहीं, विवाद का विरोध करने पहुंचे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और आयोजक पारुल त्यागी के साथ भी मारपीट की गई।
आयोजन से पहले भिड़े खिलाड़ी, वीडियो वायरल
घटना में दोनों पक्षों के छह खिलाड़ी घायल हुए हैं। इस बवाल के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। वीडियो में कुछ युवक एक-दूसरे पर हमला करते और लात-घूसे चलाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोग बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से मुरादनगर थाने में तहरीर दी गई है। कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक, विवाद को सुलझा लिया गया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। अब प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की बात कही जा रही है, ताकि खेल के नाम पर दोबारा ऐसा बवाल न हो।
फिलहाल, जिस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना की उम्मीद थी, वहां मारपीट और महिला खिलाड़ी से अभद्रता के आरोपों ने आयोजन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
रिपोर्ट: दीपक तोमर




















