गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) के डासना जेल में भैया दूज का पर्व भाई-बहन के प्रेम और भावनाओं के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों से मुलाकात करने जेल पहुंचीं। किसी के हाथों में पूजा की थाली थी, तो कोई अपने भाई के लिए मिठाई लेकर पहुंची थी। जेल परिसर में हर तरफ भाई-बहन के मिलन और भावुक पलों का नजारा देखने को मिला।
सुबह से ही डासना जिला जेल के मुख्य गेट पर बहनों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार अपने भाइयों का तिलक किया और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि की कामना की। जेल प्रशासन की ओर से इस बार खुली मुलाकात की विशेष व्यवस्था की गई, ताकि बहनें बिना किसी परेशानी के अपने भाइयों से मिलकर भैया दूज का पर्व मना सकें।
जेल में बहनों के भाई से मिलने के लिए स्पेशल व्यवस्था
पर्व को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए थे। मुलाकात के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जेल कर्मचारियों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई थी।
जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि भैया दूज के अवसर पर बहनों को अपने भाइयों से मुलाकात करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए पर्व को सादगी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई।
भाइयों के साथ बहनों ने मनाया भाई दूज
एसीपी मसूरी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि जेल के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मसूरी थाना प्रभारी हरेंद्र मलिक और जेल चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। जेल के आसपास बैरिकेडिंग की गई, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और मुलाकात के लिए आने वाली बहनों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते नजर आए। डासना जिला जेल में भैया दूज के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्तों की मिठास देखने को मिली। अपनों से दूर रह रहे भाइयों के लिए यह दिन खुशियों और भावनाओं से भरा रहा।
रिपोर्ट:चौधरी दीपक तोमर

























