गाजियाबाद: आगामी त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग एक बार फिर से सक्रिय नजर आ रहा है। दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों और खाद्य कारखाने पर छापेमारी की । मोदीनगर स्थित नाथजी स्वीट्स के कारखाने में जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं ।
अधिकारियों के मुताबिक कारखाने में एक्सपायर खाद्य सामग्री मिली। इसके अलावा परिसर में गंदगी भी काफी थी। टीम ने मौके से पनीर, बेसन, लड्डू, घी और अमोनियम बाई कार्बोनेट के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान कारखाने को सुधार होने तक बंद करा दिया गया।
राजा स्वीट्स से भी मिठाइयों के लिए गए नमूने
वहीं, मोदीनगर कस्बे की राजा स्वीट्स से भी मिठाइयों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी । बीते दिनों मथुरा में जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देशन में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की थी। NH-2 पर कोसी कलां के हाईवे किंग ढाबे के पास बोलेरो गाड़ी पकड़ी गई थी जिससे 3 लाख रुपये का 1200 किलो नकली पनीर जब्त किया गया था।
मथुरा में नकली पनीर
इसे राजस्थान (मेवात क्षेत्र) से खपाने के लिए मथुरा लाया गया था. अधिकारियों ने 3 संदिग्ध सैंपल जांच के लिए लैब भेजे थे। लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य विभाग ने इन पनीरों को नष्ट करवा दिया था। जांच में सामने आया कि मेवात से मथुरा तक इस नकली पनीर का सिंडिकेट फैला हुआ था।
रिपोर्ट: आदर्श कुमार
























