बागपत: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस समय हलचल मची हुई है। गाजियाबाद के लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव पर मुकदमे की चेतावनी दी है।
अखिलेश पर भड़के नंदकिशोर गुर्जर
नंदकिशोर गुर्जर का आरोप है कि अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने एक ट्वीट किया है जिससे उनके परिवार की छवि धूमिल होती है। नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि वो पूर्व सीएम अखिलेश यादव और उनकी पत्नी को काफी समझदार मानते थे लेकिन जिस तरह से उन्होंने ट्वीट कर अपनी मानसिकता जाहिर की है वह बेहद शर्मनाक है।
नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि वह आज शाम में ही लोनी थाने में तहरीर देकर दोनों नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। नंदकिशोर गुर्जर ने आरोप लगाया की आने वाले चुनाव में विपक्ष को अपनी हार साफ नजर आ रही है जिससे उसकी मानसिकता काफी खराब हो चुकी है।
अखिलेश-डिंपल के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे नंदकिशोर गुर्जर
उन्होंने कहा, हार की बौखलाहट से वह कुछ भी बयानबाजी करते आ रहे हैं, उनका ट्वीट भी इसी तरह का है। फिलहाल नंदकिशोर गुर्जर द्वारा पूर्व सीएम अखिलेश यादव और उनकी पत्नी पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बता दें लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर आज निबाली गांव में कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने यह बयान दिया है।
अखिलेश यादव ने क्या कहा था ?
दरअसल अखिलेश यादव ने लोनी में प्रशासन पर कार्यक्रम स्थल पर बुलडोजर चलवाने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव ने हमला बोलते हुए लिखा, ‘क्योंकि भाजपा ‘शिक्षा, शिक्षार्थी, शिक्षक विरोधी’ है, इसीलिए गाजियाबाद में पीडीए समाज के नेताओं द्वारा 10वीं-12वीं कक्षा में 75% नंबर लाने वाली प्रतिभावान 1000 बेटियों को साइकिल बांटनेवाले कार्यक्रम स्थल पर भाजपाइयों ने बुलडोज़र चलवा दिया है।
रिपोर्ट: विकास शर्मा






















