गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद (Ghaziabad) के मुरादनगर में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों नें रावली रोड पर शव रखकर जमकर हंगामा किया और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक सड़क पर हंगामा चलता रहा।
शालिनी को बोलेरो पिकअप ने मारी टक्कर, हुई मौत
दरअसल मुरादनगर के रावली रोड पर सामान लेने जा रही 30 साल की शालिनी को बोलेरो पिकअप वाहन ने कथित तौर पर टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद महिला को वाहन कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया और चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने किया हंगामा
महिला की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जीतपुर रावली रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया। लोगों ने साप्ताहिक पैठ बाजार के दौरान सड़क पर होने वाली यातायात अव्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
सूचना पर पहुंची पुलिस नें परिजनों को समझाने के बाद शव को सड़क से हटाया गया। वहीं मृतका के पति कपिल कुमार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: आदर्श कुमार


