गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होर्न बजाने पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे पर गोली चला दी। जिसके बाद एक युवक की मौत हो गई।

रतिराम कॉलोनी में 25 वर्षीय विपिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गली में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर विपिन का सोनू नामक युवक से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि सोनू ने विपिन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन आनन-फानन में विपिन को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विपिन को दो गोलियां लगी थीं। मृतक विपिन शहादरा स्थित एक ब्रश बनाने की कंपनी में काम करता था। वह अपने परिवार में सबसे छोटा था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई और एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। विपिन की माता का पहले ही निधन हो चुका था। विपिन की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी सोनू की तलाश में दबिश दी जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version