नाबालिग बच्चियों के अपहरण के मामले में मुख्य वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक सैदपुर को मुखबिर से सूचना मिली कि ₹50 हजार का इनामी अपराधी सादात की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान सादात की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे अभियुक्त को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर उसकी अपाचे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर 5-6 राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द, निवासी अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, हालपता बाकरबाद महराजगंज, थाना कोतवाली गाजीपुर, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और ₹1,300 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


