गाजीपुर: यूपी के गाजीपुर में एक बार फिर बुलडोजर गरजा है। दरअसल गौउचर (जहां गाय चरती है) की जमीन पर बने अवैध मजार को जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद हुई है।
मामले को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रहा था। संगठन के जिलाध्यक्ष डीके श्रीवास्तव ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
गाजीपुर में अवैध मस्जिद ध्वस्त
तस्वीरें गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के नसीरुद्दीनपुर गांव की हैं, जहां ग्राम पंचायत की गाटा संख्या 565 की जमीन पर बने अवैध मजार और एक कमरे को प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया।
बताया जा रहा है कि यह जमीन गौउचर के लिए दर्ज है। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डीके श्रीवास्तव ने 3 मार्च 2025 को डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देकर उर्स मेले की अनुमति नहीं देने की मांग की थी।
कोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने की कार्रवाई
इसके बाद प्रशासन की ओर से अतिक्रमण को हटाने के लिए धारा 67 के तहत कार्रवाई शुरू की गई। तहसीलदार सदर की ओर से अप्रैल और अक्टूबर 2025 में बेदखली के आदेश जारी किए गए।
अतिक्रमणकर्ता इम्तियाज उर्फ सोनू की ओर से इन आदेशों के खिलाफ अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व के न्यायालय में अपील दाखिल की गई। लंबी सुनवाई के बाद 17 जनवरी 2026 को अपर जिलाधिकारी ने तहसीलदार के आदेश को बरकरार रखते हुए अपील खारिज कर दी।
इसके बावजूद मौके से अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद डीके श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने के साथ ही 20 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी गाजीपुर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया और अवैध निर्माण हटाने की मांग की।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए गौचर की जमीन पर बने कथित अवैध मजार और कमरे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
रिपोर्ट: सुशील तिवारी


