गोंडा: यूपी के गोंडा (Gonda) में चोरी किए गए स्मार्टफोन को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस टीम ने खोए हुए मोबाइल फोनों को खोजने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत चोरी किए गए 251 मोबाइल फोन को बरामद कर लिया है।
दरअसल 1 जुलाई 2026 से अलग-अलग थानों में दर्ज कराई गई गुमशुदा मोबाइलों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 251 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिए हैं। जिले के अलग-अलग थानों में कुल 603 मोबाइल खोने की शिकायतें दर्ज की गई थीं।
सिम यूसेज ट्रैकिंग से बरामद किए गए मोबाइल फोन
सर्विलांस टीम ने आईएमईआई (IMEI) नंबर और सिम यूसेज ट्रैकिंग के माध्यम से 251 मोबाइल फोन ट्रैक करके बरामद किए हैं। शेष मोबाइलों की खोज जारी है। इसको लेकर गोंडा के एसपी अभिषेक ने बताया कि बाकी बचे मोबाइल फोनों को तलाशने के प्रयास लगातार जारी हैं।
उन्होंने बताया कि फोन के असली मालिकों को सूचित कर दिया गया है। कुछ पीड़ितों को टोकन के तौर पर बुलाकर उनके मोबाइल फोन हैंडओवर भी कर दिए गए हैं। खोए हुए मोबाइलों के दुरुपयोग (जैसे रंगदारी या संदिग्ध कॉल) के सवाल पर एसपी ने स्पष्ट किया कि सर्विलांस टीम लगातार मामलों की निगरानी कर रही है। यदि जांच के दौरान किसी भी मोबाइल का दुरुपयोग पाए जाने की बात सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: विशाल सिंह
























