गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा (Gonda) से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। देहात कोतवाली क्षेत्र में टेढ़ी नदी में नहाने गए 3 बच्चे डूब गए। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई जबकि एक 12 साल की बच्ची को ग्रामीणों ने बचा लिया।
भादुआ तरहर गांव में हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र के भादुआ तरहर गांव में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूल से लौटते समय गांव के तीन बच्चे टेढ़ी नदी में नहाने गए थे। नहाते समय एक-एक कर पैर फिसला और तीनों गहरे पानी में चले गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और नदी में कूदकर तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद 12 साल की लल्ली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 10 साल के सम्राट और 12 साल के राहुल को नहीं बचाया जा सका।
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान सम्राट और राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है।
टेढ़ी नदी में तीन बच्चे डूबे
पुलिस ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि टेढ़ी नदी में तीन बच्चे डूब गए है। एक बच्ची को बचाया गया है, जबकि दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं सूचना मिलते ही सीओ नगर, सदर तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनती नदी के पास बच्चों को अकेले न जाने दें।
रिपोर्ट: विशाल सिंह
























