गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के महादेव झारखंडी कॉलोनी में रविवार को 15 वर्षीय 9वीं की छात्रा ने करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी से छलांग लगाने की कोशिश की। छात्रा करीब 3 घंटे तक पानी की टंकी पर बैठी रही। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने महिलाक को मनाने के लिए काफी प्रयास किए, जब काफी देर तक महिला पानी की टंकी से नहीं उतरी तब एम्स चौकी में तैनात महिला दरोगा जागृति खरवार बातचीत के बहाने टंकी पर पहुंचीं और छात्रा को पीछे से पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद छात्रा ने नीचे छलांग लगा दी। महिला दरोगा ने उसका हाथ और कपड़ा मजबूती से पकड़ लिया। छात्रा करीब 20 मिनट तक हवा में लटकी रही। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित ऊपर खींच लिया।
बताया जा रहा है कि छात्रा की मां ने उसे बॉयफ्रेंड से बातचीत करने को लेकर डांटा था, जिससे नाराज होकर वह घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक छात्रा पानी की टंकी पर बैठी रही। इस दौरान सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
एम्स थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पांडेय के मुताबिक, छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसकी काउंसलिंग भी कर रही है।

