गोरखपुर जनपद में बीती देर रात मालगाड़ी की तीन बोगियां अचानक पटरी से उतर गई। मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का काम शुरू किया।
सीमेंट की बोरियां लेकर जा रही थी मालगाड़ी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी मध्य प्रदेश से बिहार के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन जा रही थी। मालगाड़ी में सीमेंट की बोरियां लदी हुई थीं। इसी दौरान गोरखपुर जंक्शन के पश्चिमी यार्ड में इसकी तीन बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों ने सबसे पहले पटरी से उतरी बोगियों को मालगाड़ी से अलग करने की कार्रवाई शुरू की, ताकि बाकी मालगाड़ी को सुरक्षित तरीके से आगे भेजा जा सके।
सुबह 8:10 बजे हटाई गईं तीनों बोगियां
रेलवे प्रशासन की टीम ने कई घंटे की कार्रवाई के बाद आज सुबह करीब 8:10 बजे पटरी से उतरी तीनों बोगियों को हटाया। इसके बाद मालगाड़ी को रीरेल कर आगे के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे की ओर से घटना के बाद मौके पर जरूरी जांच और तकनीकी कार्रवाई भी की गई।
डीआरएम भी पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआरएम भी मंगलवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली। फिलहाल मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतरने की असली वजह सामने नहीं आई है।
जांच में जुटी रेलवे प्रशासन
हादसा पश्चिमी यार्ड में होने के कारण रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटरी से उतरी बोगियों को अलग कर दिया। इसके बाद मालगाड़ी को सुरक्षित तरीके से आगे भेज दिया गया। फिलहाल घटना में किसी जनहानि की जानकारी नहीं है।
रेलवे प्रशासन की टीम घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर किन कारणों से मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतरीं।


