अयोध्या: रामनगरी अयोध्या (Ayodhya) में 7 नवंबर को श्रीराम मंदिर पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम को देखते हुए गोरखपुर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 6 नवंबर की रात 11 बजे से 8 नवंबर की रात 8 बजे तक या भीड़ समाप्त होने तक भारी वाहनों और हल्के चार पहिया वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा।
गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और गीडा से लखनऊ जाने वाले वाहन अब निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे। इन वाहनों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा। हालांकि गीडा, सहजनवां, संतकबीरनगर और बस्ती जाने वाले वाहनों को राहत दी गई है।
रूट डायवर्जन प्लान जारी
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या की ओर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने के लिए गोरखपुर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। गोरखपुर शहर से लखनऊ जाने वाले ट्रक, डीसीएम, बस और हल्के चार पहिया वाहनों को जीरो प्वाइंट कालेसर से डायवर्ट किया जाएगा।
ये वाहन तेंदुआ टोल प्लाजा होते हुए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और फिर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं कुशीनगर और देवरिया से लखनऊ जाने वाले वाहनों को बाघागाड़ा के आगे से लिंक एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। गीडा से लखनऊ जाने वाले वाहनों को सेक्टर-26 और सेक्टर-27 से यू-टर्न कराकर निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट
हालांकि गीडा, सहजनवां, संतकबीरनगर और बस्ती जाने वाले वाहनों के साथ आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट दी गई है।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले बदले हुए रूट की जानकारी जरूर कर लें।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























