गोरखपुर: यूपी के गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्र का विधिवत शुभारंभ हो गया है। गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने रविवार शाम शक्ति मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कर मां आदिशक्ति की उपासना शुरू की।
इसके साथ ही गोरखनाथ मंदिर में 20 अक्टूबर तक चलने वाले विजयादशमी महोत्सव का भी शुभारंभ हो गया। नवरात्र के दौरान देवीभागवत कथा, दुर्गा सप्तशती पाठ, महानिशा पूजन और कन्या पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
सीएम योगी ने की कलश स्थापना
शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ की तपस्थली गोरखनाथ मंदिर में रविवार शाम शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में कलश स्थापना कर मां भगवती की आराधना की।

मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ के अनुसार, गोरक्षपीठ में नवरात्र के दौरान मां आदिशक्ति की उपासना की विशिष्ट परंपरा निभाई जाती है। नौ दिवसीय नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन देवीभागवत कथा, दुर्गा सप्तशती का पाठ, पूजन और आरती होगी। 18 अक्टूबर को महानिशा पूजन-हवन और 19 अक्टूबर को महानवमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कन्या पूजन करेंगे।
20 अक्टूबर को तिलकोत्सव
वहीं, 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर गुरु गोरखनाथ के विशिष्ट पूजन के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर का तिलकोत्सव होगा। शाम को मानसरोवर मंदिर में पूजन-अभिषेक के बाद मानसरोवर रामलीला मैदान में प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
























