गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। दरअसल चौरी-चौरा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में 25 साल के युवक की जान चली गई। बाइक सवार युवक कंबाइन मशीन की चपेट में आ गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अपनी 11 महीने की बेटी के मुंडन संस्कार के लिए गांव आया था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
कंबाइन मशीन ने ली जान
यह हादसा रामपुर रकबा गांव में मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। लक्ष्मणपुर गांव के पास बाइक से घर जा रहे 25 साल के प्रदीप पटेल कंबाइन मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें सीएचसी चौरी-चौरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक प्रदीप पुणे में पेंट-पॉलिश का काम करता था और अपनी 11 महीने की मासूम बेटी के मुंडन संस्कार के लिए गांव आया हुआ था। आगामी 22 दिसंबर को बच्ची का मुंडन होना था, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक दो भाइयों में छोटा था।
परिवार में मचा कोहराम
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची चौरी-चौरा पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने कंबाइन मशीन को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























