गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) रेलवे स्टेशन पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब प्लेटफार्म नंबर दो के पास स्थित पार्सल कार्यालय में पहुंचे वकील प्रांजल दुबे की आरपीएफ कर्मियों से झड़प हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद आरपीएफ जवानों ने वकील के साथ मारपीट की।
वकीलों ने दी प्रदर्शन की धमकी
वकीलों ने आरोप लगाया कि प्रांजल दुबे को बंदूक की बट से भी पीटा गया और उनकी धार्मिक पहचान से जुड़ी शिखा (चोटी) काट दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही वकीलों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में वकील रेलवे स्टेशन पहुंच गए और आरपीएफ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं ने आरोपी आरपीएफ सिपाही के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि आरोपी आरपीएफ सिपाही के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वो ट्रेन रोकने और सड़क जाम करने को मजबूर होंगे। इस चेतावनी के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में हलचल और बढ़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया।
अपनी मांगों पर अड़े वकील
वहीं, आक्रोशित वकील अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि अधिवक्ता के साथ मारपीट, बंदूक की बट से हमला और धार्मिक पहचान से जुड़ी शिखा काटने की घटना बेहद गंभीर है। वकीलों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल रेलवे स्टेशन पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर ग्रिजेश विश्वकर्मा से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया है संपर्क होने के बाद आरपीएफ का भी पक्ष रखा जाएगा।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























