गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जंगल डुमरी नंबर दो के खपड़हवा चौराहे पर बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल एक महिला की मौत की सूचना है, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में महिला की हुई मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उन पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चौराहे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: Gorakhpur: पंजाब से बिहार जा रही थी अवैध शराब की खेप, यूपी STF ने ट्रक सहित तस्कर को दबोचा
लोगों ने लगाया अव्यवस्था का आरोप
इसी बीच हादसे में घायल एक महिला की मौत की सूचना सामने आई है। हालांकि, महिला की मौत की आधिकारिक पुष्टि और पहचान का इंतजार है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खपड़हवा चौराहा काफी व्यस्त होने के बावजूद यहां न तो स्पीड ब्रेकर की व्यवस्था है और न ही यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस की नियमित तैनाती है।
लोगों का कहना है कि यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब इस व्यस्त चौराहे पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे, ताकि तेज रफ्तार किसी और परिवार की खुशियां न छीन सके?
ये भी पढ़ें: Gorakhpur: AIIMS प्रमुख की बिगड़ी तबीयत तो डॉक्टरों ने रेफर कर दिया प्राइवेट अस्पताल, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























