गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच स्वामी प्रसाद मौर्य गोरखपुर (Gorakhpur) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति और अलग-अलग राजनीतिक दलों को लेकर अपनी बात रखी।
अखिलेश किसी के सगे नहीं: स्वामी प्रसाद मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों पर जनता की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। गोरखपुर पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव किसी के सगे नहीं हैं।
‘मेरे आने से समाजवादी पार्टी ज्यादा सीटों पर जीत सकती थी’
उन्होंने कहा कि मैं तो इंडिया गठबंधन में इसलिए आया था कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटों पर अखिलेश यादव चुनाव लड़ते, मेरे आने से सबसे ज्यादा वोट भी समाजवादी पार्टी को मिलता, वो ज्यादा सीटें जीत जाते लेकिन मुझे तो आश्चर्य लग रहा है कि जिसकी वजह से वो सबसे ज्यादा सीट जीत सकते थे उससे उन्हें एलर्जी है। वहीं भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपने मूल उद्देश्यों से भटक गई है।
‘कांग्रेस का प्रदर्शन सुधरेगा’
कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की पुरानी पार्टी है, जो अपनी विचारधारा के साथ सभी को लेकर चलने की बात करती है। उन्होंने सबका साथ और सबका विकास की अवधारणा का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में INDIA गठबंधन बेहतर प्रदर्शन करेगा।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























