गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) में गणेश उत्सव से पहले भगवान गणेश की एक अनोखी प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लाखों शीशों के टुकड़े से सजाई जा रही इस भव्य प्रतिमा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। 40 सालों से मूर्ति कला से जुड़े कलाकार बासुदेव पाल इस अनोखी प्रतिमा को तैयार कर रहे हैं।
किराना मंडी में तैयार हुई अनोखी प्रतिमा
दरअसल साहबगंज किराना मंडी में इस बार गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं को भगवान गणेश का बेहद खास स्वरूप देखने को मिलेगा। मूर्ति कलाकार बासुदेव पाल लाखों शीशों से गणेश जी की भव्य प्रतिमा तैयार कर रहे हैं।
प्रतिमा पर जब रोशनी पड़ती है तो हजारों-लाखों शीशे चमक उठते हैं और गणेश जी का स्वरूप और भी भव्य नजर आता है। अनोखी कारीगरी के चलते प्रतिमा अभी से लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।
पुराना सपना साकार हुआ: मूर्तिकार
कलाकार बासुदेव पाल के मुताबिक, करीब चार दशक से मूर्ति बनाने के दौरान उनके मन में एक ऐसी प्रतिमा तैयार करने का सपना था, जो सामान्य प्रतिमाओं से अलग और लंबे समय तक याद रहने वाली हो। इस बार लाखों शीशों से गणेश प्रतिमा तैयार कर उनका सालों पुराना सपना साकार हो रहा है।
रिपोर्ट : मुकेश कुमार


