MLC Election:
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में कथित तौर पर मतदाताओं को प्रभावित करने के मामले में आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में फ्लाइंग स्क्वायड ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। दौलतपुर पुलिया पर चेकिंग के दौरान उनकी कार से 2,41,500 लाख रुपये नकद, चुनाव प्रचार सामग्री, वोटर स्लिप और मतदाता सूचियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रुपये लिफाफों में रखकर बांटने जाने की बात सामने आई है।
उपजिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम के नेतृत्व में टीम ने सफेद रंग की KIA सेल्टोस (UP54AX2379) की तलाशी ली। कार की बीच वाली सीट पर रखे पांच झोलों से प्रचार पंपलेट, हैंडबिल, बैलेट पेपर के प्रतिरूप और विभिन्न विद्यालयों के अध्यापकों की सूचियां मिलीं। मौके से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान सुभाष सिंह और शिवगोविंद सिंह निवासी करमी, मऊ; राजेश कुमार पांडेय निवासी सिधारी तथा शिवमोहन सिंह निवासी समेदा, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
सिधारी थाने में मुकदमा संख्या 431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 173 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
सहारनपुर में चुनाव जारी
सहारनपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमएलसी चुनाव का मतदान जारी है। जिलाधिकारी सहारनपुर व एसएसपी सहारनपुर ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को जांचा। सहारनपुर में स्नातक एवं शिक्षक खंड के लिए हो रहे एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मतदान करने में जुटा है। सीसीटीवी कैमरे की नजर में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान चल रहा है।
यह भी पढ़ें- इटली में दंगों पर ‘योगी मॉडल’ की चर्चा, दंगाइयों से होगी वसूली?



















