गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वांचल पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 नवंबर को गोरखपुर (Gorakhpur) पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को राजनीतिक और संगठनात्मक लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
खास बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एक साथ पदयात्रा में शामिल होंगे। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होने वाली यह पदयात्रा कचहरी चौराहा, गणेश चौराहा होते हुए गोलघर स्थित काली मंदिर और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी।
चुनावी रणनीति को नई धार देंगे नितिन नवीन
इसके अलावा जनसभा, युवा संवाद और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। 5 नवंबर को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का गोरखपुर में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। सवाल है कि क्या गोरखपुर से बीजेपी पूर्वांचल में मिशन-2027 की चुनावी रणनीति को नई धार देने जा रही है?
कार्यक्रम के मुताबिक, 4 नवंबर की सुबह 11 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से उनका काफिला महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचेगा, जहां दोपहर 12 बजे वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ पदयात्रा में शामिल होंगे।
पदयात्रा का रूट भी राजनीतिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। एमपी इंटर कॉलेज से शुरू होकर यह कचहरी चौराहा, गणेश चौराहा होते हुए गोलघर स्थित काली मंदिर और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी।
बीजेपी नेताओं और मंत्रियों से मिलेंगे बीजेपी अध्यक्ष
दोपहर 2:30 बजे योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां युवाओं से संवाद के जरिए बीजेपी अपनी भावी राजनीतिक रणनीति और युवा संपर्क अभियान को मजबूती देने का संदेश दे सकती है। शाम 5:30 बजे एनेक्सी भवन में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है।
वहीं, 5 नवंबर को गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। यानी दो दिनों तक गोरखपुर बीजेपी की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहेगा।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























