गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर पहुंचे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अभिषेक दत्त ने भाजपा सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) के अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया है। अभिषेक दत्त ने कहा कि रवि किशन तो तीन पीढ़ियों से कांग्रेसी रहे हैं। उनके दादा और पिता भी कांग्रेसी थे और वह खुद भी कांग्रेस में रहे हैं।
रवि किशन को कांग्रेस नेता ने दी नसीहत
अभिषक दत्त ने दावा किया कि उन्हें चुनाव भी कांग्रेस ने लड़ाया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी राम मंदिर जाएंगे, लेकिन रवि किशन को उन लोगों के खिलाफ भी सवाल उठाना चाहिए, जिन्होंने राम के नाम पर लूट की है। अभिषेक दत्त ने तंज कसते हुए कहा कि रवि किशन को कोई ज्यादा सीरियसली नहीं लेता।
गोरखपुर में जलभराव और बारिश से हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिस जगह को स्पेन जैसा बताया जाता था, वहां महज दो घंटे की बारिश में लाखों लोगों का नुकसान हुआ। उन्होंने सवाल किया कि रील बनाने के अलावा क्या सांसद रवि किशन ने प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई कराई? केवल बयान देने से सत्ता नहीं चलती।
अभिषेक दत्त ने भाजपा सांसद को दी चुनौती
उन्होंने रवि किशन को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछें कि चंदे की चोरी, चढ़ावे की चोरी और जमीनों के घोटालों के पीछे कौन लोग हैं और सरकार ने अब तक उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की है। जिस दिन वह ये सवाल उठाएंगे, उस दिन उन्हें राम भक्त मानेंगे।
वहीं, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों पर अभिषेक दत्त ने कहा कि पार्टी प्रदेश की हर विधानसभा और हर ब्लॉक तक पहुंचकर कार्यक्रम कर रही है। जनता से संवाद कर रही है और प्रदेश के मुद्दों को जमीनी स्तर से लेकर जिला स्तर तक उठा रही है। सपा के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि यह फैसला दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व का होगा। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जब बैठकर चर्चा करेंगे, तब औपचारिक घोषणा की जाएगी।
रिपोर्ट: मुकेश कुमार

























