गोरखपुर में शिक्षक निर्वाचन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। सपा प्रत्याशी अपने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि आजमगढ़ समेत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कई जिलों में विद्यालय प्रबंधकों पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराने का दबाव बनाया जा रहा है। यहां तक कि बात नहीं मानने पर विद्यालयों की मान्यता वापस लेने की चेतावनी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अब सवाल यह है कि क्या इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन प्रशासन क्या कदम उठाएगा?
गोरखपुर में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने विद्यालय प्रबंधकों पर कथित दबाव बनाए जाने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। डॉ. त्रिपाठी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे और मंडलायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आजमगढ़ सहित अन्य जिलों में जिला विद्यालय निरीक्षकों और उनके कार्यालय के माध्यम से वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधकों पर भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के पक्ष में मतदान कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। शिकायत के मुताबिक, विद्यालयों के प्रबंधकों से अपने संस्थानों के मतदाताओं का मतदान भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में कराने को कहा जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर जिलाधिकारी के माध्यम से विद्यालयों की मान्यता वापस लिए जाने की चेतावनी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- तिजोरी तक पहुंचने के लिए ड्राइवर ने पहले नौकरानी को प्रेम जाल में फंसाया
सपा प्रत्याशी डॉ.संजयन त्रिपाठी ने अपने ज्ञापन में इन शिकायतों को गंभीरता से लेने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने की मांग भी की है। मामले को लेकर डॉ. त्रिपाठी ने शिकायत की प्रतिलिपि भारत निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भी भेजी है। इससे उन्होंने इस शिकायत को निर्वाचन प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंचाते हुए निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, प्रहलाद यादव, जियाउल इस्लाम, मनुरोजन यादव, विंदा देवी, राजीव पांडेय, कीर्तिनिधि पांडेय, अखिलेश यादव, कपिल मुनि यादव, सिंहासन यादव, बृजनाथ मौर्य, जितेंद्र यादव, गवीश दुबे, धनंजय सिंह सैथवार, विश्वजीत त्रिपाठी, कमर कुरैशी, करुणा निधान, सोनू पांडेय, अनुप यादव और अश्वनी गौड़ सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।























