यह है पूरा मामला
गोरखपुर के शाहपुर इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सभी को हिलाकर रख दिया है। एक महिला डॉक्टर, जो खुद दूसरों की जान बचाने का जज्बा रखती है, आज अपने ही घर में अपनों की दरिंदगी का शिकार है। सुनहरे भविष्य के सपनो के साथ शुरू हुई शादी जो धीरे-धीरे एक भयानक दुःस्वप्न में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि दहेज की भूख ने उसके पति और ससुराल वालों को इतना अंधा बना दिया कि उन्होंने मानवीयता की सारी हदें पार कर दीं।
शादी के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का दौर
मामला साल 2019 का है जब जब पीड़िता ने एक एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉक्टर के साथ जीवन की नई शुरुआत की, तो किसी ने नहीं सोचा था कि 50 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें ‘दहेज लोभी’ ससुराल का सामना करना पड़ेगा। पीड़िता के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल वालों ने फॉर्च्यूनर कार की मांग शुरू कर दी। जब मांग पूरी नहीं हुई, तो घर के भीतर मानसिक और शारीरिक शोषण का सिलसिला शुरू हो गया। एक शिक्षित परिवार का यह बर्ताव समाज के उस चेहरे को उजागर करता है, जहाँ आज भी दहेज के नाम पर महिलाओं को वस्तु समझा जाता है।
बेहोश कर बनाए अश्लील वीडियो और शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
इस मामले का सबसे डरावना पहलू यह है कि आरोपी पति ने अपनी पत्नी के विश्वास को हथियार बनाया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति उसे नशीले पदार्थ युक्त कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर देता था। इस बेसुध हालत का फायदा उठाकर उसने डॉक्टर पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए। इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। डर और समाज के दबाव में आकर पीड़िता के मायके वालों ने 32.50 लाख रुपये भी दे दिए, लेकिन लालच की कोई सीमा नहीं होती, प्रताड़ना जारी रही।
बेटे के जन्म के बाद भी नहीं पसीजा पति का दिल
14 अप्रैल 2022 को पीड़िता डॉक्टर महिला ने एक बेटे को जन्म दिया, उम्मीद थी कि शायद अब स्थिति सुधरेगी। लेकिन प्रताड़कों का दिल नहीं पसीजा। उन्हें तब और गहरा झटका लगा जब उन्हें पता चला कि उनके पति ने बिना कानूनी तलाक लिए, उसी विभाग की एक अन्य महिला डॉक्टर से दूसरी शादी कर ली है। यह न केवल विश्वासघात था, बल्कि कानून का भी गंभीर उल्लंघन था। UP NEWS
न्याय की राह पर पुलिस की कार्रवाई
आखिरकार, चुप्पी तोड़ते हुए महिला डॉक्टर ने शाहपुर थाने में पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग, हत्या का प्रयास और बिना तलाक दूसरी शादी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने सबूतों के आधार पर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।


