गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर (Gorakhpur) में ज्वेलरी शॉप से एक महिला द्वारा सोने की दो अंगूठियां चोरी करने का मामला सामने आया है. महिला की ये पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
सीसीटीवी में कैद हुई महिला की चोरी
दरअसल रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की दुकान पर महिला एक युवक के साथ पहुंची और दुकानदार को लॉकेट और अंगूठियां दिखाने के बहाने उलझाया। मौका मिलते ही महिला दोनों अंगूठियां पहनकर युवक के साथ फरार हो गई। महिला की ये पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर CCTV के जरिए जांच की जा रही है।
मामला 6 सितंबर का बताया जा रहा है. दोपहर करीब 2:26 बजे एक महिला पल्सर सवार युवक के साथ दुकान पर पहुंची। महिला ने लॉकेट और अंगूठी दिखाने को कहा। दुकानदार ने भरोसा करके करीब 10 अंगूठियां निकालकर दिखाईं। बातचीत के दौरान युवक ने दो अंगूठियां महिला को पकड़ा दीं और महिला ने दोनों अंगूठियां अपने हाथ में पहन लीं।
60 हजार की दो अंगूठी लेकर महिला फरार
इसके बाद युवक बाहर निकला और महिला भी कुछ देर में लौटने की बात कहकर दुकान से निकल गई। दुकानदार ने जब ज्वेलरी का मिलान किया तो दो अंगूठियां गायब मिलीं। दोनों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


