हमीरपुर कस्बे के सिसोलर रोड स्थित अरतरा चौराहे पर रहने वाली दिव्यांग महिला रुखसार बानो ने अपनी पैतृक जमीन पर दबंगई के बल पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। न्याय की उम्मीद लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रुख़सार बानो ने बताया कि उनके और उनके बुजुर्ग पिता के नाम दर्ज लगभग 50×100 फीट जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि यह जमीन उनके परिवार की पुश्तैनी संपत्ति है और वर्षों से उनके कब्जे में रही है। आरोप है कि बीती रात कुछ लोगों ने चुपचाप जमीन पर तार लगा दिए और वहां अपने नाम का बोर्ड व बैनर टांग दिया है। सुबह जब परिवार ने यह देखा तो वे हैरान रह गए। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने और उनके परिजनों ने तार व बोर्ड हटाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें रोक दिया और जान से मारने की धमकी दी है। इस घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। रुख़सार बानो ने बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और पिता भी उम्रदराज हैं, ऐसे में दबंगों का सामना करना उनके लिए आसान नहीं है।
यह भी पढ़ें- मेरठ में मस्जिद निर्माण मामला गरमाया, प्रदर्शन की आशंका के बीच पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर वे कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली है। इस मामले की शिकायत उन्होंने कई अधिकारियों से की है, जब कहीं सुनवाई नहीं हुई, तब मजबूर होकर उन्होंने जिलाधिकारी के दरबार में गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र में रुख़सार बानो ने मांग की है कि जमीन के अभिलेखों की जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो कथित अवैध कब्जा हटवाया जाए। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है, ताकि वे बिना भय के अपनी जमीन पर अधिकार के साथ रह सकें। इस मामले में जिलाधिकारी ने दिव्यांग महिला को न्याय का आश्वासन दिया है। जिलाधिकारी का कहना है कि जल्द से जल्द पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- कृष्ण कुमार (हमीरपुर)
























