हमीरपुर में नाला पार करते समय तेज बहाव में बही 15 वर्षीय किशोरी प्रांशी यादव का 20 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है।
रविवार शाम हुए इस हादसे के बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है,हमीरपुर की पीएसी और कानपुर से पहुंची एसडीआरएफ की टीमें दो नावों के सहारे नाले में प्रांशी की तलाश कर रही हैं।
नाले में अभी भी दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दरअसल, जलालपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी और उपरहंका गांव के बीच बने नाले को पार करते समय प्रांशी का पैर फिसल गया था।
देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव में बह गई।हादसे के वक्त रपटे पर मौजूद दो ग्रामीण ने किशोरी को देखा, लेकिन तेज बहाव के चलते उसे बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें-चुनाव से पहले फुल एक्शन मोड में योगी, 24 घंटे में UP के 8 शहरों में ताबड़तोड़ एनकाउंटर्स
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ ग्रामीणों ने तलाश शुरू की।करीब एक किलोमीटर आगे चेकडैम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां प्रांशी का दुपट्टा और सब्जी का थैला मिला, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला।अब पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें नावों के जरिए नाले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
प्रांशी छह बहनों और एक भाई में सबसे छोटी है।बेटी के पानी में बहने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन अब भी उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैंफिलहाल, 20 घंटे बाद भी प्रांशी का कोई सुराग नहीं मिला है।तेज बहाव और दो फीट से ज्यादा पानी के बीच रेस्क्यू टीमों की तलाश लगातार जारी है।


