UP Police Recruitment Exam: हमीरपुर स्थित नेशनल हाईवे-34 पर लगे जाम के कारण एक छात्रा की यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा छूट गई। छात्रा को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना था, लेकिन जाम की वजह से वह सुबह 10 बजे के बाद केंद्र पहुंच सकी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे चरण में कानपुर निवासी अंशिका अग्निहोत्री परीक्षा देने से वंचित रह गईं। उनका परीक्षा केंद्र हमीरपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में निर्धारित था। पहली पाली की परीक्षा होने के कारण अंशिका अपनी मां अनुराधा के साथ तड़के ही घर से निकल गई थीं, लेकिन रास्ते में नेशनल हाईवे-34 पर भारी जाम लगने से वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सकीं।
नियमानुसार छात्रा को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना था, लेकिन जाम के कारण वह करीब दो घंटे की देरी से पहुंचीं। सुबह 10 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचने पर उन्हें प्रवेश देने से मना कर दिया गया।
इस संबंध में छात्रा की मां ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। अनुराधा का कहना है कि वे समय से घर से निकली थीं, लेकिन हाईवे पर लगे जाम ने उनकी बेटी का भविष्य दांव पर लगा दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी परिस्थितियों में यदि किसी छात्र का भविष्य प्रभावित होता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
रिपोर्ट-किशन कुमार


