Hapur News: थाना पिलखुवा क्षेत्र के रामा अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धौलाना निवासी गौरव की पत्नी ज्योति गर्भवती थी। परिजनों के अनुसार अस्पताल में जांच के दौरान बच्चे की धड़कन नहीं मिली थी, जिससे उसकी पेट में ही मौत हो गई थी।
बच्चे की मौत के बाद ज्योति का अस्पताल में उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान ही ज्योति की भी मौत हो गई। एक साथ जच्चा और बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में भी अस्पताल पर इलाज के दौरान एक महिला की मौत का आरोप लग चुका है।
रिपोर्ट- तेजेंद्र पाल सिंह (हापुड़)

