हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में दहेज उत्पीड़न के बीच एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना करने तथा उसकी हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पिता ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
उन्नाव जनपद के शिवपुरी, पोस्ट मोढ़पुर निवासी हरीलाल पुत्र गजराज ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पुत्री प्रियंका का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मुकेश पुत्र फूलेंद्र निवासी गौरा, थाना माधौगंज, जनपद हरदोई के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रियंका को प्रताड़ित किया जाने लगा। पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग करते थे।
मांग पूरी न होने पर प्रियंका के साथ आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी तथा कई बार उसे घर से निकाल दिया जाता था। बाद में वह किसी तरह दोबारा ससुराल में रहने लगती थी। प्रार्थना पत्र में मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि सास माया देवी, पति मुकेश, फूलेंद्र, मकनू, ननद रेनू तथा देवर अमित सहित परिवार के अन्य लोग प्रियंका के साथ मारपीट और उत्पीड़न करते थे। मृतका का करीब एक माह का नवजात पुत्र भी बताया जा रहा है, जिसके सिर से अब मां का साया उठ गया है।
हत्या के बाद शव गायब करने का आरोप
मृतका के पिता हरीलाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वह अपने परिजनों के साथ बेटी के ससुराल गौरा पहुंचे तो परिस्थितियां बेहद संदिग्ध मिलीं। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रियंका की हत्या कर शव को गायब करने का प्रयास किया और परिवार के लोग भी मौके से गायब मिले। पिता ने पूरे मामले की गहन जांच कर बेटी की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना को लेकर मायके पक्ष में भारी आक्रोश बताया जा रहा है। पुलिस से स्पष्ट जानकारी न मिलने को लेकर मायके पक्ष और पुलिस के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी। मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने के बजाय गुमराह किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार मृतका का शव मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विवाहिता की मौत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या के लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।


