हरदोई: यूपी के हरदोई (Hardoi ) में लगातार हो रही बारिश के बाद वहां की सड़कें दरिया बन गई हैं जबकि लोगों के घरों में पानी घुस गया। वहीं खेतों में लगे फसल बुरी तरह तबाह हो गए है जिससे किसान भी बेबस नजर आ रहे हैं। पिछले 48 घंटे से ज्यादा समय से जारी बारिश के चलते फसलों को नुकसान और जलभराव जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। हालात का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल बारिश के बीच प्रभावित इलाकों में पहुंचे।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने लिया जायजा
नितिन अग्रवाल हरदोई के बावन ब्लॉक के सकरा और गंगौली जमुनियापुरवा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। खास बात यह रही कि मंत्री खुद छाता लगाकर बारिश के बीच गांवों में पहुंचे और मौके पर लोगों का हाल जाना।
ग्रामीणों और किसानों ने मंत्री को लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी दी। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद नितिन अग्रवाल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नुकसान का आकलन जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम करे।
कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को शिफ्ट करने का आदेश
मंत्री ने अधिकारियों को कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ऐसे परिवारों को पंचायत भवन या अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके।
इसके अलावा नितिन अग्रवाल ने कोटेदारों को भी निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जरूरतमंद लोगों को राशन उपलब्ध कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार निगरानी बनाए रखने और प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने को कहा।
इस दौरान बावन ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह, सदर एसडीएम मयंक कुंडू, नायब तहसीलदार, लेखपाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को फसल नुकसान, ग्रामीणों की सुरक्षा और राहत कार्यों को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट: अनुज शुक्ला
























