हरदोई शहर में महिला का मंगलसूत्र छीनकर बाइक से फरार हुए बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। कोतवाली शहर पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए लखनऊ निवासी दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र का लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के पलिया निवासी रंजना पत्नी भैय्यालाल बावन रोड स्थित चिरंजीवी हॉस्पिटल के पास पैदल जा रही थीं। तभी बाइक सवार दो लोगों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर 4 सितंबर को कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान सत्यम शुक्ला निवासी बख्शी का तालाब और सुंदरलाल निवासी इटौंजा, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना में मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस के अनुसार, सत्यम शुक्ला का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ लखनऊ के कई थानों में चोरी, चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में 29 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गिरोहबंद अधिनियम का मुकदमा भी शामिल है। वहीं सुंदरलाल के खिलाफ भी इटौंजा और बक्शी का तालाब थाने में चोरी, सेंधमारी और गिरोहबंद अधिनियम के तहत 6 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी,उपनिरीक्षक वासु कुमार व रोशन सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


