Hardoi: बिलग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे जफरपुर पुलिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुड़गांव से हरदोई लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर गहरी नहर में जा गिरी। हादसे में दंपती और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार सवार एक युवक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या UP 32 JP 3118 में सवार लोग गुड़गांव से हरदोई के चांद बेहटा जा रहे थे। शाहपुर मोड़ से आगे जफरपुर पुलिया के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी नहर में गिर गई। सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर हादसे की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक अजय कुमार चौधरी कांस्टेबल जिगर मोहम्मद और रोहित सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कार सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल कन्नौज भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। पति पत्नी और उनका तीन माह के बेटे की नहर में डूबने से मौत हो गई।
हादसे में आदित्य सिंह (28) पुत्र रामनरेश सिंह सुरक्षित बच गए। वहीं रमेश (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और तीन माह के बच्चे की मौत हो गई। सभी मूल रूप से ग्राम सर्रा, थाना सुरसा के निवासी थे और वर्तमान में चांद बेहटा, कोतवाली शहर क्षेत्र में रह रहे थे। हादसे के बाद कार अभी भी गहरी नहर के अंदर है। मृतकों के परिजन जिला अस्पताल कन्नौज में मौजूद हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है। सभी कार द्वारा गुरुग्राम से अपने घर दिपालवी मनाने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह अंधेरे और धुंध के कारण कार चालक को नहर का सही अंदाजा नहीं हुआ और वह अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। वहां से गुजर रहे लोगों ने कार को नहर में गिरते देख लिया और वहां हाहकार मच गया। इस घटना की सूचना तुरंत कुछ लोगों ने पुलिस को दी और मौके पर मौजूद लोगों ने नहर में फंसे लोगों को निकालने में मदद की। लेकिन इस दौरान पानी में डूबने के कारण एक पूरे परिवार की मौत हो गई।

























