हरदोई। थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी स्थित घर में रखी तिजोरी को लूटने के लिए ड्राईवर ने पहले घर में काम करने वाली नौकरानी को अपने प्रेम जाल में फंसाया। फिर उसने प्रेमी के साथ मिलकर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से 1 लाख 90 हजार रुपये नकद व भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आवास विकास कॉलोनी निवासी अंकित पाण्डेय पुत्र अवधेश पाण्डेय ने थाना कोतवाली शहर में तहरीर दी थी कि 15 अक्टूबर 2026 की रात उनके घर से नकदी और सोने के आभूषण चोरी हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस के सामने चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
क्षेत्राधिकारी सिटी अजीत चौहान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आवास विकास कॉलोनी निवासी पीड़ित के घर में जूली कश्यप नाम की महिला लगभग 10 साल से घरेलू कामकाज करती थी। इसी दौरान जूली के संबंध ड्राइवर का काम करने वाले सुशील कश्यप के साथ हो गए। पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों ने मिलकर इस चोरी की पूरी साजिश रची थी पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों निराला नगर, थाना हसनगंज, लखनऊ निवासी सुशील कश्यप और हरीपुरवा, मजरा चांद बेहटा, थाना कोतवाली शहर निवासी जूली कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 1 लाख 90 हजार रुपये नकद, 4 अदद चेन, 2 अदद लॉकेट, एक जोड़ी टॉप्स और एक मंगलसूत्र समेत करीब 40 ग्राम सोना बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।























