हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र के ग्राम चौरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहित युवक और उसकी प्रेमिका के शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटके मिले।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान श्रवण (30) पुत्र जवाहर निवासी ग्राम चौरा के रूप में हुई है। श्रवण ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस के अनुसार श्रवण का थाना बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर निवासी कुंती से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था।
इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि 23 जून को फत्तेपुर में दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने श्रवण का शांतिभंग में चालान भी किया था।
25 जून को कछौना स्थित लंगड़े दास बाबा कुटी मंदिर परिसर में दोनों पक्षों के बीच समझौते हुआ। समझौते के बाद श्रवण प्रेमिका को लेकर अपने गांव चौरा आ गया।
शनिवार सुबह प्रेमी-प्रेमिका का शव घर के अंदर फांसी पर लटका मिला। क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम, कछौना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचे। जहां से दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
श्रवण अपने पीछे पत्नी, तीन मासूम बच्चों और नेत्रहीन बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें-
https://nation27.com/uncategorized/lucknow-news-young-man-climbed-on-water-tank/
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


