हाथरस: यूपी के हाथरस (Hathras) में हुए डबल मर्डर के मामले को पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। दरअसल सादाबाद क्षेत्र में पति-पत्नी की सनसनीखेज हत्या एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश संपत्ति हासिल करने के लिए रची गई थी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 26/27 सितंबर की रात थाना सादाबाद क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर में शम्सुद्दीन और उनकी पहली पत्नी सीमा उर्फ साहो की घर के अंदर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। हमलावर घर की अलमारी और बक्सों को खंगालकर आभूषण, नकदी और अन्य सामान भी ले गए थे। मामले में मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर 27 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।
सात पुलिस टीमें कर रही थी जांच
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर सात पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद ली। आसपास के रास्तों और संभावित आवागमन वाले स्थानों पर लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों की पड़ताल की गई।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले फुटप्रिंट समेत अन्य भौतिक साक्ष्यों की भी जांच की। सीसीटीवी फुटेज से मिले संदिग्ध की तस्वीर को तकनीकी माध्यमों से जांचने के बाद उसकी पहचान आगरा के थाना सिकंदरा के हिस्ट्रीशीटर के रूप में होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान आगरा-हाथरस मार्ग पर बंद पड़े बंबा के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान संजय और चीनू प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ गंगा सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल मृतक की दूसरी पत्नी सीमा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से आभूषण, नकदी, घड़ी और अन्य सामान बरामद हुआ।
दूसरी पत्नी पर 20 लाख रुपये का लालच देने का आरोप
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक शम्सुद्दीन की दूसरी पत्नी सीमा पर पति और उसकी पहली पत्नी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सीमा ने पति की मौत के बाद संपत्ति उसके नाम आने पर गौरव को 20 लाख रुपये देने का वादा किया था।
पुलिस के अनुसार, इस योजना में संजय, चीनू प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ गंगा सिंह, उदयवीर उर्फ नत्थो को शामिल किया गया। आरोपियों ने कई बार घटनास्थल की रेकी की, लेकिन मौका नहीं मिलने के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 26/27 सितंबर की रात को वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात वाली रात चारों आरोपी सीमा के पास पहुंचे। सीमा ने योजना के अनुसार दूसरे मकान में रह रहे अपने पति शम्सुद्दीन के घर का दरवाजा खुलवा दिया। इसके बाद आरोपी घर में दाखिल हो गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शम्सुद्दीन पर हमला किया। इसी दौरान कमरे से बाहर आई पहली पत्नी सीमा उर्फ साहो ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों की मौत के बाद आरोपियों ने घर की अलमारी और बक्सों को खंगाला, आभूषण, नकदी और घड़ी आदि सामान लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
रिपोर्ट: गौरव शर्मा
























