हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस (Hathras) में एटा-अलीगढ़ जीटी रोड पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। सरदला पुल के पास धान से लदे ट्रैक्टर में पीछे से तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने भीषण टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार करीब 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 12 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे एटा की ओर से धान से लदा ट्रैक्टर एटा-अलीगढ़ जीटी रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर में जा घुसी।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार के अंदर स्टीयरिंग के पास खून फैला हुआ था।
बुजुर्ग ने तोड़ा दम, दो की हालत गंभीर
हादसे में कार सवार लालाराम, चालक अविनेन्द्र, आशीष घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने लालाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक अविनेन्द्र और आशीष की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बुजुर्ग की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस मोर्चरी भेज दिया है। हादसे के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई।
रिपोर्ट: गौरव शर्मा
























