पांडु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कानपुर में बाढ़ के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नदी का पानी भरने से पिपौरी गांव धीरे-धीरे जलमग्न होता जा रहा है। गांव में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। घरों में पानी घुसने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए कानपुर में NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है। NDRF की टीम लगातार बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल रही है। नावों के जरिए लोगों को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
बता दें कि पिपौरी गांव के अलावा आसपास के मेहरबान सिंह का पुरवा, मर्दनपुर, मायापुरम जैसे इलाके पहले ही बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इन गांवों में करीब 1000 से ज्यादा परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो गई हैं।
NDRF की टीम ने अब तक रेस्क्यू करके लगभग 30 से 40 मकानों के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। टीम घर-घर जाकर लोगों को बाहर निकाल रही है और बुजुर्गों और बच्चों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने भी प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी किया है और लोगों से अपील की है कि वे बेवजह जलमग्न पुलों और रास्तों को पार न करें।


