कानपुर देहात में एक नाबालिग छात्रा के साथ प्रेमजाल, छेड़छाड़, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बस चालक समेत तीन लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म के प्रयास और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
मामला कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र का है। यहां कक्षा आठ में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि स्कूल बस चालक मुख्तार कुरैशी ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर एक युवक राज राईन से दोस्ती कराई। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि छात्रा पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। परिजनों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण छात्रा भय और मानसिक तनाव में रहती है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने छात्रा को एक नशीला पदार्थ देकर उसे घर के खाने में मिलाने के लिए कहा और रात में घर के पास स्थित एक खंडहर में बुलाया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद मोनिस समेत तीनों आरोपियों ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने छात्रा की तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर अपहरण, छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास, पॉक्सो एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बस चालक मुख्तार और राज राईन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी मोनिस की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस प्रकरण में पुलिस जांच जारी है। इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
रिपोर्ट – गौरव शुक्ला (कानपुर देहात)/सोनू सिंह


