कानपुर देहात से प्रेम प्रसंग को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक प्रेमी अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, जिसकी भनक लगते ही घरवालों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद घरवालों ने प्रेमी-प्रेमिका को घर के आंगन में लाठी-डंडों और घूंसों से जमकर पीटा. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
घर के आंगन में रस्सी से बांधकर पीटा
जानकारी के मुताबिक, प्रेमी अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. जैसे ही परिजनों को उसके आने की भनक लगी, उन्होंने दोनों को मौके पर ही धर दबोचा. फिर क्या था आपा खो चुके परिजनों ने प्रेमी और प्रेमिका को घर के आंगन में ही लाठी-डंडों, लातों और घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. हद तो तब हो गई, जब प्रेमी को रस्सी से बांध दिया गया और उसकी जमकर धुनाई कर दी गई. प्रेमी को रस्सी से बांधकर जमीन पर लिटाया गया और उसके पैरों के तलवों पर डंडों की बरसात कर दी गई.
पड़ोसी ने बनाया मारपीट का वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो पड़ोस में रहने वाले एक शख्स ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. इसके बाद उसने मारपीट के उस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. देखते ही देखते प्रेमी-प्रेमिका से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ इलाके में हड़कंप मच गया और कानून हाथ में लेकर इस तरह की सजा देने को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे.
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
उधर, सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस भी हरकत में आ गई है. डेरापुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान में लेते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि खिरवां डेरा गांव की रहने वाली एक महिला का करीब छह साल पहले प्रेम विवाह हुआ था. बीते दो महीनों से उसकी नजदीकी एक अन्य युवक से बढ़ गई थी. युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा गया. जिसका पता चलते ही ग्रामीणों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और खेतों में काम कर रहे महिला के परिजनों को जानकारी दे दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और दोनों को घर के अंदर पकड़ लिया. घर के आंगन में ही दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी. प्रेमी को बचाने आई प्रेमिका को भी उन्होंने नहीं बख्शा और उसको भी खूब पीटा. इस दौरान प्रेमी गिड़गिड़ाता और चिल्लाता रहा, लेकिन परिजनों का दिल नहीं पिघला. डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 112 पीआरवी पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने लाई थी. उसका शांति भंग की धारा में चालान कर छोड़ दिया गया है. वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – गौरव शुक्ला/ सोनू सिंह


