Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से शिक्षा विभाग की दो महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इसी क्रम में कानपुर देहात के माती स्थित ईको पार्क में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला प्रशासन, एसबीआई के अधिकारी, बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया.
माती स्थित ईको पार्क में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री अजीत पाल ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई योजनाओं की जानकारी शिक्षकों और अधिकारियों को दी गई। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में धनराशि सीधे भेजी जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री अजीत पाल ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। सरकार दोनों क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और एसबीआई के साथ विशेष एमओयू शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगा। वहीं छात्रों के लिए डीबीटी व्यवस्था उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इन योजनाओं का स्वागत करते हुए इसे शिक्षक समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी सौगात बताया। उनका कहना था कि कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा जैसी पहल से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा, जबकि डीबीटी व्यवस्था से छात्रों को योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ मिलेगा।


