कानपुर। जाजमऊ स्थित अशरफाबाद में शनिवार सुबह एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सुल्तान कंपाउंड के सामने स्थित ‘कामसेफ़ फैक्ट्री’ में सुबह करीब 6:10 बजे अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते विकराल लपटें उठने लगीं। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान मौजूद होने के चलते आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा तैयार जूतों का स्टॉक और अन्य सामान पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया । राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फैक्ट्री मालिक मेस्टन रोड निवासी महबूब इलाही ने बताया कि कारखाने में तैयार जूतों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था, जिसे अगले महीने बाहर भेजा जाना था। आग लगने के कारण सारा तैयार माल जलकर खाक हो गया। शुरुआती तौर पर नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक आर्थिक नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है।
बीट प्रभारी अभिजीत पाठक ने पुष्टि की कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। वहीं, फायर अधिकारी राहुल नंदन के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
























