कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को एक हाईटेंशन तार टूटकर जमीन पर गिर गई जिससे कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें आग लग गई। मामला ग्वालटोली थाना क्षेत्र के अहिराने इलाके की है जहां करीब 8:30 बजे हाईटेंशन लाइन टूटकर जमीन पर गिर गई। इससे कई लोग बाल-बाल बच गए।
हाईटेंशन तार की चपेट में आए कई कार
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक कार और करीब तीन-चार बाइक आग की चपेट में आ गईं। हादसे के दौरान करंट की चपेट में आने से एक गाय भी झुलस गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हाईटेंशन लाइन गिरने के दौरान कोई बड़ा जनहानि हादसा नहीं हुआ।
लोगों ने बिजली विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
पीड़ित कार मालिक नीरज यादव ने बताया कि घटना के बाद उनके द्वारा बिजली विभाग को शिकायत की गई, लेकिन करीब दो घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नीरज यादव ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की जर्जर हाईटेंशन लाइनों को तत्काल हटाया या दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो सके। स्थानीय लोगों में भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने जल्द से जल्द हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित कराने और घटना की जांच की मांग की है।


