एक तरफ जहां युवा स्टार्टअप शुरु कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कानपुर के एक युवक ने अनूठा स्टार्टअप शुरु किया है। शादी की चाह रखने वाले युवाओं को खूबसूरत दुल्हन का सपना दिखाया जाता है। रिश्ता पक्का होने का भरोसा देकर होने वाली दुल्हन से घंटों फोन पर मीठी-मीठी बातें होती हैं। इस दौरान युवक को सुहाने सपने दिखाकर उससे मोटी रकम वसूल की जाती है।
कानपुर साइबर पुलिस ने ऐसे ही एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी मैट्रिमोनियल कंपनियों और कॉल सेंटर के जरिए देशभर में लोगों को निशाना बना रहा है। गिरोह सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स से युवकों का डेटा जुटाता है। उनसे संपर्क किया जाता है और युवतियों की AI तकनीक जनरेटिंग तस्वीरें दिखाकर कॉल सेंटर में बैठी महिला कर्मचारियों को लड़की बनाकर बातचीत कराई जाती है।
गिरोह ने अपने कारोबार को वैध दिखाने के लिए “परफेक्ट रिश्ते”, “शादी मैच” और “शादी मैच इंडिया” जैसे नामों का सहारा लिया था। पीड़ितों से रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोफाइल फीस, परिवार की सहमति, सुरक्षा जमा राशि के नाम पर मोटी रकम मांगी जाती है। ग्राहक का भरोसा बढ़ने के साथ रकम भी बढ़ती जाती है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कई बार पीड़ितों को यह दिखाया जाता था कि लड़की पक्ष ने भी कुछ भुगतान किया है और अब प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए उन्हें भी पैसा जमा करना होगा। शादी की जल्दबाजी और रिश्ता टूटने के डर में लोग लगातार रकम भेजते रहते थे।पुलिस के मुताबिक, जब किसी पीड़ित को ठगी का अहसास होता और वह शिकायत दर्ज कराता था तो गिरोह उसे समझौते के लिए मनाने या शिकायत वापस लेने का प्रयास करता था, ताकि पूरा नेटवर्क बचा रहे।

