लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सरकारी स्कूलों की समस्याओं को सामने लाने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 8382928009 भी जारी किया।
संजय सिंह ने प्रदेश की जनता से अपील की कि अगर उनके इलाके के किसी सरकारी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी है तो उसका वीडियो बनाकर इस नंबर पर व्हाट्सऐप करें। AAP का कहना है कि इन शिकायतों और वीडियो के जरिए सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति को सामने लाया जाएगा।
करीब 55 स्कूलों के वीडियो दिखाए
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के करीब 55 सरकारी स्कूलों के वीडियो सार्वजनिक किए। उनके मुताबिक इन वीडियो में वाराणसी, गोरखपुर, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और महोबा समेत कई जिलों के स्कूलों की स्थिति दिखाई गई है।
AAP नेता का दावा है कि कुछ स्कूलों में छतों से पानी टपकने, खराब शौचालय, बिजली-पानी की समस्या और बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त डेस्क-बेंच नहीं होने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि ये तस्वीरें सरकार के स्कूलों की स्थिति सुधारने के दावों पर सवाल खड़े करती हैं।
‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के दावों पर उठाए सवाल
संजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बेहतर किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन कई जगहों पर जमीनी तस्वीर अलग नजर आती है।
उन्होंने कहा कि अगर नोएडा और गाजियाबाद जैसे बड़े और विकसित माने जाने वाले क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, तो सरकार के विकास संबंधी दावों की समीक्षा होनी चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा पर हमला
संजय सिंह ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में बड़ी संख्या गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से आती है। ऐसे में स्कूलों में बेहतर भवन, साफ शौचालय, पीने का पानी, बिजली और बैठने की उचित व्यवस्था होना जरूरी है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों से ध्यान हटाकर जाति और धर्म की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। इसी दौरान उन्होंने भाजपा पर तीखा राजनीतिक तंज कसते हुए कहा, “अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया।”
स्कूलों में बाहरी लोगों की एंट्री पर भी सवाल
सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक से जुड़े आदेश को लेकर भी संजय सिंह ने सरकार को घेरा। उन्होंने इसे ‘तुगलकी फरमान’ बताते हुए कहा कि सरकारी स्कूल जनता के पैसे से चलते हैं और लोगों को यह जानने का अधिकार है कि वहां बच्चों को किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकारी स्कूलों की व्यवस्था वास्तव में बेहतर है तो फिर जनता और मीडिया को वहां की स्थिति देखने में परेशानी क्यों होनी चाहिए। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार स्कूलों की वास्तविक स्थिति को सार्वजनिक होने से रोकना चाहती है।
प्रदेशभर में स्कूलों की स्थिति सामने लाने की तैयारी
AAP ने कहा कि ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को पूरे उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के जरिए सरकारी स्कूलों से जुड़ी शिकायतें, फोटो और वीडियो जुटाए जाएंगे। संजय सिंह ने कहा कि अलग-अलग जिलों से सामने आने वाली तस्वीरों और वीडियो को एक जगह एकत्र कर जनता के सामने रखा जाएगा। पार्टी की ओर से सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में ‘प्रदर्शनी’ लगाने की भी बात कही गई है।
जनता से वीडियो भेजने की अपील
AAP नेता ने लोगों से अपील की कि अगर उनके क्षेत्र के किसी सरकारी स्कूल में भवन, बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर या अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्या है तो उसका वीडियो बनाकर 8382928009 पर व्हाट्सऐप करें।
पार्टी के मुताबिक, प्राप्त शिकायतों को संबंधित मुद्दों के साथ सरकार के सामने उठाया जाएगा। AAP का दावा है कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों की जमीनी स्थिति को सामने लाना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती से उठाना है।
रिपोर्ट: अश्वनी अवस्थी/ मानवी


