लखनऊ: उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (IAS Divya Mittal) राजा भैय्या की पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करेंगी या अखिलेश यादव के साइकिल पर उन्हें ज्यादा भरोसा है ? यह सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल के राजनीति में उतरने को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। एक तरफ राजा भैय्या की पार्टी उनका राजनीति के कुरुक्षेत्र में स्वागत कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने भी उन्हें ‘साइकिल’ के जरिए चुनावी दगंल में उतरने का ऑफर दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि अब उन्हें तय करना पड़ेगा, गले में हरा गमछा-लाल गमछा डाल लें।
सपा या राजा भैय्या, कहां होगी दिव्या की राजनीतिक एंट्री
दरअसल कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैय्या के साथ दिव्या मित्तल की एक तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता बृजेश सिंह राजावत ने शेयर करते हुए राजनीति में उनका स्वागत किया है। अब ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आईएएस रहीं दिव्या मित्तल क्या अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत राजा भैय्या की छत्र-छाया में करेंगी ?
बता दें कि बीते दिनों ही दिव्या मित्तल ने आईएएस की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद सियासत में आने का ऐलान किया था और साथ ही ये भी कहा था कि वो किसी मौजूदा राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी।
दिव्या मित्तल ने नौकरी छोड़ने के बाद कहा था कि अब वो किसी एक व्यक्ति को मसीहा मानकर इंतजार करने की जगह खुद से ही बदलाव की शुरुआत करेंगी.
दिव्या ने बताया क्यों छोड़ दी आईएएस की नौकरी
उन्होंने कहा था कि समाज में बदलाव तभी आएगा जब लोग खुद आगे बढ़कर इसकी जिम्मेदारी उठाएंगे। पूर्व आईएएस ने ये भी साफ किया था कि राजनीति उनके लिए किसी पद तक पहुंचने का जरिया नहीं होगा बल्कि वो लोगों की आवाज बनकर उन मुद्दों को सुलझाना चाहती है जो आजादी के सात दशक बाद भी समाज में बुनियादी समस्या के रूप में मौजूद है।
इस दौरान दिव्या मित्तल ने एक महिला की उस मांग की भी चर्चा की जब ड्यूटी के दौरान वो उनसे मिली और कहा कि गांव में पांचवीं से आगे स्कूल नहीं है और इसकी जरूरत है। दिव्या मित्तल ने बताया कि उन्हें पहले लगा था कि महिला उनसे पेंशन, आवास या पानी की सुविधा मांगेंगी लेकिन उसकी मांग सुनकर उन्हें अंदाजा हुआ कि अभी भी लोग बुनियादी सुविधाओं से भी दूर हैं।
लंदन की नौकरी छोड़कर आईएएस बनी थी दिव्या मित्तल
बता दें कि दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली और फिर आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की है और लंदन में उन्हें शानदार सैलरी वाली नौकरी मिली थी। उस नौकरी को छोड़कर दिव्या मित्तल भारत वापस लौटीं और यूपीएसएसी की तैयारी कर आईएएस के चुनी गईं। 2013 बैच की आईएएस रही दिव्या मित्तल ने महज दो सालों बाद ही 30 अगस्त को भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया था।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल
























