लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) आदित्यनाथ फुल एक्शन मोड में है। उन्होंने (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के जरिए चुने गए 818 युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब तक राज्य में साढ़े 9 लाख लोगों को नौकरी मिल चुकी है और आने वाले छह महीने में एक लाख और नौकरियां दी जाएंगी।
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर भी तंज कसा । सीएम ने कहा कि जो आज बेरोजगारी और नौकरियों को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं वो गिनते जाएं, हम देते जाएंगे, एक लाख से कम युवाओं को नौकरी देने पर नहीं उससे ज्यादा पर ही चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि नौकरी देने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा और ये युवा प्रदेश की ताकत बनेंगे।
योगी ने नौकरियों का दिया हिसाब-किताब
इस दौरान सीएम योगी ने आगे होने वाली नियुक्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में 36 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे, जबकि होमगार्ड में 41 से 42 हजार लोगों की नियुक्ति पर काम चल रहा है।
इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि यूपी अधीनस्थ सेवा आयोग के अगले छह में आने वाले परीक्षा परिणामों से 20 से 25 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। अगले तीन से चार महीने में इनके परिणाम आने की उम्मीद है। इसके अलावा यूपी लोकसेवा आयोग के जरिए अलग-अलग विभाग में 15 से 16 हजार युवाओं को नौकरी के अवसर मिलेंगे।
पहले सिर्फ भाई-भतीजे की नियुक्ति होती थी: CM
नौकरियों को लेकर अखिलेश यादव के सवाल उठाने पर सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले आयोग और भर्ती बोर्डों में तत्कालीन सरकार ने अपने भाई-भतीजों को बैठकर पूरी नियुक्ति प्रक्रिया को बदनाम कर दिया था. युवा पलायन करता था और उसके सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकार में ऐसे लोगों की नियुक्तियां भी हुई जिन्होंने इसके लिए आवेदन पत्र तक नहीं भरा था।
यूपी नहीं लोगों की मानसिकता बीमार
कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने यूपी को बार-बार बीमार कहे जाने पर भी कटाक्ष किया और कहा कि यूपी बीमार नहीं है, ऐसे लोगों की मानसिकता बीमार है जो राज्य के लिए ऐसा कहते हैं। सीएम ने कहा, बीमार राज्य नहीं पूर्ववर्ती सरकार की मानसिकता थी। उनकी कार्यप्रणाली भ्रष्ट थी।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल

