लखनऊ- दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुलाकात की। लखनऊ के हजरतगंज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने छात्रों की मांगों को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखने का भरोसा दिया।
छात्रों का पत्र केंद्रीय नेतृत्व को भेजा
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने बताया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से जुड़े छात्रों का पत्र उन्हें मिला था, जिसे केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से प्रदर्शन से जुड़े विषय पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
दो दिन बाद केंद्रीय मंत्री से होगी वार्ता
ब्रजेश पाठक के मुताबिक, छात्रों की मांगों को लेकर दो दिन बाद केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से उठाए गए मुद्दों को बैठक में प्रमुखता से रखा जाएगा।
प्रदर्शन से जुड़े छात्र भी रहे मौजूद
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के साथ आंदोलन से जुड़े हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और शिवा शर्मा भी मौजूद रहे। आंदोलन से जुड़े हर्ष दुबे ने कहा कि छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने गए थे। उन्होंने बताया कि छात्रों को उनकी मांगों पर विचार किए जाने का आश्वासन मिला है।
शिक्षा और आरक्षण व्यवस्था पर सवाल
प्रदर्शनकारी छात्रों ने मौजूदा शिक्षा और आरक्षण व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। छात्रों का कहना है कि विद्यार्थियों के बीच किसी भी तरह का ऊंच-नीच या भेदभाव नहीं होना चाहिए। छात्रों ने समान अवसर और समान व्यवहार की मांग की है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी के हित और कल्याण को सुनिश्चित किया जा सके।
प्रदर्शनकारियों के साथ व्यवहार का मुद्दा भी उठाया
छात्रों के पत्र में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम के साथ-साथ उनकी मांगों और प्रदर्शनकारियों के साथ हुए व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया है। अब इन मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री के साथ होने वाली बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्ट- अभिषेक कुमार पाण्डेय


