लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में ट्रिपल मर्डर मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या का आरोपी ऋषभ शुक्ला शूटिंग में गोल्ड मेडलिस्ट रह चुका है। वह स्नेक और डॉग लवर भी है। ऋषभ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियारों के साथ कई तस्वीरें पोस्ट हैं। उसके करीब 34 हजार 500 फॉलोअर्स हैं। वह खुद 69 लोगों को फॉलो करता है।
हत्यारे को था बंदूकों का शौक
उसकी पोस्ट में अलग-अलग बंदूकों के साथ तस्वीरें नजर आ रही हैं आती हैं। आरोपी को बंदूक के अलावा सिगरेट, शराब और पार्टीज़ करने का भी शौकीन था। ऋषभ शुक्ला पूरी तरह से रंगबाजी और फिल्मी जिंदगी जीना पसंद करता था।
शूटिंग में गोल्ड जीत चुका था आरोपी
बताया जा रहा है कि उसे हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी मिली है। गोली चलाने के उसके अंदाज और निशाने को देखकर लोग हैरान हैं. पुलिस अधिकारी से लेकर आम आदमी तक हर कोई यही सोच रहा था कि आखिर एक व्यक्ति कैसे एक साथ तीन लोगों को मौत के घाट उतार सकता है। इसकी एक वजह उसकी ट्रेनिंग और शूटिंग का अनुभव बताया जा रहा है। ऋषभ शूटिंग में गोल्ड मेडल जीत चुका है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल लखनऊ के सआदतगंज इलाके में बीते दिन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया। गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद इलाके में गम और गुस्से का माहौल है।
मृतकों के परिजनों ने तीनों शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था जिससे वहां हालात तनावपूर्ण हो गए थे। मृतकों के परिजन चाहते हैं कि आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया जाए और उसका एनकाउंटर किया जाए।
मृतक शिवा की बेटी को सरकारी नौकरी देने और पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग भी की गई है। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी बात नहीं सुनी जाती प्रदर्शन जारी रहेगा।
रिपोर्ट: शरीफुद्दीन खान




























