लखनऊ स्थित रहीमाबाद क्षेत्र के खड़ौहा गांव में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। गांव के 75 वर्षीय बुजुर्ग छत्रपाल के अंतिम संस्कार के दौरान उनके बेटे द्वारा अर्थी पर रखे सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में मृतक के बेटे पर संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक छत्रपाल के पास करीब साढ़े छह बीघा जमीन थी, जिसे उन्होंने अपनी तीन बेटियों के नाम कर दिया था। आरोप है कि बेटा और बहू इस बात से नाराज थे और जमीन अपने नाम कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच अंतिम संस्कार के दौरान सादे कागजों पर अंगूठा लगवाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कानूनी जानकारों के अनुसार किसी भी व्यक्ति से सादे कागज पर अंगूठा लगवाना और उसका गलत उपयोग करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


